पीआईआईटी में ग्रैंड जेस्टा 2026 का भव्य आयोजन, छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन
ग्रैंड जेस्टा का आयोजन
ग्रेटर नोएडा: दिल्ली एनसीआर के प्रसिद्ध शिक्षण संस्थान प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी (पीआईआईटी) में वार्षिक उत्सव ग्रैंड जेस्टा-2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस फ्रेशर पार्टी में छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न खिताब प्रतिभा, व्यक्तित्व और प्रस्तुति के आधार पर दिए गए। मनोरंजक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं के बाद, डी.एड की नेहा यादव को मिस पीआईआईटी और बी.एडा के मनीष कुमार को मिस्टर पीआईआईटी के खिताब से नवाजा गया।
ग्रैंड जेस्टा में छात्रों ने कला और प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन किया। उन्होंने गीत, संगीत, नाटक, संवाद, नृत्य, रैंप वाक और अन्य सांस्कृतिक विधाओं में भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में आए छात्रों की ऊर्जा और अद्भुत प्रतिभा ने पूरे पीआईआईटी परिसर को जीवंत बना दिया।
इस सांस्कृतिक समारोह के मुख्य अतिथि कुमाऊँ और गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) बीएस राजपूत रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भारत सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र बच्चन और पूर्व विधायक डॉ. अनिता लोधी राजपूत भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ, शॉल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर राजपूत ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कला कौशल की सराहना की। उन्होंने ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत पर जोर देते हुए कहा कि जब विचारों में राष्ट्र का स्थान पहले आता है, तो नेतृत्व मजबूत होता है। डॉ. भारत सिंह ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों को अपनाने और सफलता के लिए मेहनत और अनुशासन बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पोलिटेक्निक की खुशी को मिस फ्रेशर और बी.फार्मा के सूर्यकांत को मिस्टर फ्रेशर के खिताब से नवाजा गया। पोलिटेक्निक के छात्र अवनीश वर्मा को मिस्टर ईव और बीबीए की ऋतिका मिश्रा को मिस ईव चुना गया। सभी विजेताओं के नामों की घोषणा प्रतियोगिता की मुख्य जज लक्ष्मी प्रिया ने की। मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इससे पहले सांस्कृतिक उत्सव में दिल्ली से आए अंतरराष्ट्रीय गायक प्रतीक गौतम, मुंबई से मनोज और गाजियाबाद से अनिल ने शानदार गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पत्रकारों, कलाकारों और आयोजन में सहयोग देने वाले फैकल्टी और स्टाफ को भी सम्मानित किया गया। मंच का संचालन प्रोफेसर बबलू रावत ने किया और निदेशक आर.के. शाक्य ने समारोह का समापन किया।