पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन: नेताओं ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन
पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन: आज (17 सितंबर) पीएम नरेंद्र मोदी 75 वर्ष के हो गए हैं। इस अवसर पर भाजपा देशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित कर रही है, जो 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी की जयंती तक चलेगा। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपने अपने असाधारण नेतृत्व से देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। मैं प्रार्थना करती हूँ कि आप हमेशा स्वस्थ रहें और अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएं।'
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, 'त्याग और समर्पण के प्रतीक, करोड़ों देशवासियों की प्रेरणा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं। मोदी जी ने सामाजिक जीवन में पांच दशक से अधिक समय तक देशवासियों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है।'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, 'भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को उनके 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। मोदी जी ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से भारत को नई ऊर्जा और दिशा दी है।'
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीएम मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा, 'आप 140 करोड़ भारतीयों की आशाओं के संवाहक हैं और 'नए भारत' की संकल्पना को साकार करने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री हैं। हम सभी की ओर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्राप्त हो।'