पीपल बाबा: हरियाली के लिए 50 वर्षों का समर्पण
हरियाली का संदेश देने वाले पीपल बाबा
मुरादाबाद:- पीपल बाबा, जिन्हें स्वामी प्रेम परिवर्तन के नाम से भी जाना जाता है, ने पिछले 50 वर्षों में लगभग 2.70 लाख हेक्टेयर भूमि पर 2.5 करोड़ पेड़ और झाड़ियाँ लगाई हैं। उन्होंने इस अनुभव को साझा करने के लिए 'पीपल की छाँव में' नामक एक पुस्तक भी लिखी है। पीपल बाबा देश के विभिन्न हिस्सों में हरियाली फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
पीपल के पेड़ों के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त करते हुए, पीपल बाबा ने बताया कि यह प्रजाति उन्हें बचपन से ही आकर्षित करती रही है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रजाति के पौधारोपण और संरक्षण में 48 वर्ष बिताए हैं। यह पुस्तक उनके अनुभवों को साझा करने का एक माध्यम है, जिसमें मीठे और कड़वे दोनों अनुभव शामिल हैं। उत्तराखंड के जंगलों से लेकर हिमाचल प्रदेश के डलहौजी तक, उनका जीवन प्रकृति के साथ गहराई से जुड़ा रहा है।
पीपल बाबा ने मेरठ में सेना के सहयोग से 18-20 यूनिट में पौधे लगाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने किचन गार्डन एसोसिएशन के साथ मिलकर साकेत और बाउंड्री रोड पर दो माइक्रो फॉरेस्ट स्थापित किए हैं। यूपी पर्यटन विभाग ने भी हस्तिनापुर में पौधारोपण का प्रस्ताव दिया है। मेरठ में पल्लवपुरम के पास वर्मी कंपोस्ट प्लांट में 10 महिलाओं को रोजगार मिला है, जहां हर महीने 60-70 टन खाद का उत्पादन होता है।