पुणे में 4 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना से हड़कंप
पुणे में दिल दहला देने वाली घटना
पुणे : महाराष्ट्र के पुणे जिले के भोर तहसील में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसमें एक 4 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। बच्ची अपनी नानी के घर छुट्टियां बिताने आई थी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया है, और स्थानीय लोगों ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी 65 वर्षीय भीमराव कांबले ने उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के पास स्थित पशुओं के तबेले में ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद, उसने शव को तबेले में गाय के गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया ताकि किसी को शक न हो।
जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान, तबेले में खोजबीन के दौरान बच्ची का शव मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें आरोपी बच्ची को तबेले की ओर ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद, पुलिस ने भीमराव कांबले को तुरंत हिरासत में ले लिया और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
इस भयावह घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग करने लगे। गुस्साई भीड़ ने मुंबई-बेंगलुरु हाइवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को शांत किया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस मामले में 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।