प्रधानमंत्री मोदी का वडोदरा दौरा: डिजिटल रजिस्ट्रेशन से भरी सीटें और करोड़ों की परियोजनाएं
उत्साह से भरा वडोदरा कार्यक्रम
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को वडोदरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। इस बार पहली बार डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा का उपयोग किया गया है। रजिस्ट्रेशन खुलते ही एक घंटे के भीतर सभी सीटें भर गईं, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वेटिंग लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
डिजिटल बुकिंग की नई पहल
वडोदरा नगर निगम ने इस कार्यक्रम के लिए 'बुकमायशो' के माध्यम से मुफ्त ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा प्रदान की थी। जैसे ही रजिस्ट्रेशन शुरू हुआ, लोगों ने तेजी से प्रतिक्रिया दी और एक घंटे में सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद रजिस्ट्रेशन को बंद कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, 42 हजार से अधिक लोग वेटिंग लिस्ट में हैं।
कार्यक्रम में एंट्री पूरी तरह से डिजिटल होगी। रजिस्टर्ड प्रतिभागियों को उनके बुकमायशो अकाउंट पर डिजिटल एम-टिकट मिलेगा, जिसमें लाइव क्यूआर कोड होगा, जिसका उपयोग एंट्री के समय वेरिफिकेशन के लिए किया जाएगा।
डिजिटल व्यवस्था से सुगम एंट्री
कार्यक्रम में रजिस्ट्रेशन, टिकट वेरिफिकेशन, प्रवेश और सीटिंग की प्रक्रिया तकनीक के माध्यम से संचालित की जाएगी। आयोजकों का उद्देश्य भीड़ को नियंत्रित करना और लोगों की एंट्री को तेज और व्यवस्थित बनाना है।
विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
पीएम मोदी के कार्यक्रम में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। वह वडोदरा में विभिन्न परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के साथ-साथ एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इन परियोजनाओं में पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण सेक्शन शामिल हैं, जिनकी विकास लागत 20,700 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPA) सेक्शन शामिल हैं। इन रेल खंडों के शुरू होने से बंदरगाहों और औद्योगिक क्षेत्रों के बीच माल की आवाजाही में सुधार होगा, परिवहन लागत में कमी आएगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम होगा। पीएम मोदी इस दौरान कई मालगाड़ी सेवाओं और वडोदरा-टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।