×

प्रधानमंत्री मोदी के जींद दौरे की तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को जींद दौरे से पहले, हरियाणा के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर चूक नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। खुल्लर ने कहा कि प्रशासन ने बेहतर योजना बनाई है और सभी विभागों को मिलकर काम करने की आवश्यकता है। भीषण गर्मी को देखते हुए आवश्यक सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा।
 

सुरक्षा और प्रशासनिक प्रबंधन पर जोर

सुरक्षा, प्रशासनिक प्रबंधन और जनसुविधाओं पर विशेष फोकस, अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश


जींद (चन्द्र शेखर धरणी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे से पहले, हरियाणा सरकार के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने अपनी कुशल कार्यशैली के कारण 'चाणक्य' के रूप में पहचान बनाई है। उन्होंने जींद पहुंचकर तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। उनके साथ हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिड्ढा भी उपस्थित रहे। खुल्लर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं और समन्वय व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।


खुल्लर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सभी विभागों को पूरी निष्ठा और अतिरिक्त समय देकर तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहिए, ताकि आयोजन सफल और व्यवस्थित हो सके। उन्होंने कहा कि फिलहाल सभी की प्राथमिकता केवल प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सफलता होनी चाहिए, जबकि 18 और 19 जुलाई को आवश्यक विश्राम किया जा सकता है।


मुख्य प्रधान सचिव ने कहा कि प्रशासन ने बेहतर योजना के साथ कार्य किया है और छोटी-छोटी कमियों को भी समय रहते दूर करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने दोहराया कि जनसभा में आने वाले हजारों लोगों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त पेयजल, छायादार स्थान, शौचालय, चिकित्सा सहायता, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रबंध करने पर भी जोर दिया।


सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए राजेश खुल्लर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सभी सुरक्षा एजेंसियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करेंगी। चंडीगढ़ और पंजाब में रैली से जुड़े संभावित सुरक्षा खतरों के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संबंधित एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और आवश्यक कदम उठा रही हैं।


उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन, पुलिस और सभी विभागों के बेहतर समन्वय तथा टीमवर्क से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद जनसभा सफल, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में संपन्न होगी।