प्रधानमंत्री मोदी को झालमुड़ी परोसते शुभेंदु अधिकारी का वीडियो वायरल
एनडीए की बैठक में खास पल
नई दिल्ली: बुधवार को दिल्ली में एनडीए (NDA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने का जश्न मनाया गया। इस बैठक में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए। इस मीटिंग के दौरान एक दिलचस्प वीडियो सामने आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) को झालमुड़ी परोसते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है।
वीडियो को साझा करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, 'आज एनडीए की बैठक में साथी एनडीए नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया।'
बंगाल चुनाव के दौरान झालमुड़ी एक प्रमुख मुद्दा बन गई थी। 19 अप्रैल को झारग्राम में चुनावी रैली के बाद, पीएम मोदी अचानक एक दुकान पर गए थे। यह दुकान विक्रम शॉ की थी, जहां दुकानदार ने उनसे पूछा कि क्या वह प्याज खाते हैं। पीएम मोदी ने मजाक में कहा, 'हां, प्याज खाते हैं... दिमाग नहीं खाते बस।'
पीएम मोदी ने विक्रम को 10 रुपये भी दिए और न केवल खुद झालमुड़ी का आनंद लिया, बल्कि आसपास के लोगों में भी बांटी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पीएम मोदी के इस कदम का फायदा यह हुआ कि झारग्राम जिले की सभी चार सीटें बीजेपी ने जीत लीं।
बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार
बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है। विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 294 में से 207 सीटें जीती हैं, जो कि पार्टी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इस चुनाव में बीजेपी का वोट शेयर लगभग 46 प्रतिशत रहा। इस बार बीजेपी की आंधी इतनी तेज थी कि 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी 80 सीटों पर सिमट गई।