प्रधानमंत्री मोदी ने 51,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे, कहा- 'हौसला हमारा हो'
प्रधानमंत्री का रोजगार मेले में संबोधन
नई दिल्ली: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले में 51,000 से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी संस्थानों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर नव चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आपकी जिम्मेदारी है कि आप युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपने कार्य को पूरी निष्ठा से निभाएं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश में त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है। इस खुशी के पल में आज का दिन हजारों परिवारों के लिए नई खुशियाँ लेकर आया है। 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। आपकी इस उपलब्धि के पीछे आपकी मेहनत के साथ-साथ आपके माता-पिता और परिवार की भी मेहनत है।
उन्होंने सभी नव नियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई दी और जीवन की इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएँ दीं। पीएम मोदी ने कहा कि आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बड़े लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, जो 2047 तक विकसित भारत बनाने का है। इसमें आप जैसे युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते, आपके ऊपर अन्य युवाओं के प्रति विशेष जिम्मेदारी है। आज हमारे युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने पूरी दुनिया का विश्वास जीता है। दुनिया को हमारे इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से बहुत उम्मीदें हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक कविता पढ़ते हुए कहा, 'सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।' उन्होंने कहा कि आज का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपने कार्य को पूरी निष्ठा से निभाएं।