प्रधानमंत्री मोदी ने 51,000 युवाओं को रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र सौंपे
दिल्ली में रोजगार मेले का आयोजन
दिल्ली: शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में 51,000 से अधिक नए नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भारत के युवा 'विकसित भारत' की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह 'रोजगार मेला' युवाओं को नए अवसर प्रदान करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि आज देशभर के हजारों युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। 51,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला है, जिसके लिए मैं सभी को बधाई देता हूं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “आप सभी देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार बन रहे हैं। रेलवे, बैंकिंग, डिफेंस, हेल्थ, एजुकेशन और अन्य क्षेत्रों में आप नई जिम्मेदारियां संभालने जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को सिद्ध करने में आप सभी की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “हाल ही में मैंने पांच देशों की यात्रा की। इस दौरान मैंने कई देशों की बड़ी कंपनियों के नेताओं से बातचीत की। मैंने महसूस किया कि दुनिया भारत के युवाओं और तकनीकी प्रगति के प्रति उत्साहित है। आज दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है।”
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत विभिन्न देशों के साथ साझेदारी कर रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार और अवसर प्रदान करना है। साथ ही, मैं चाहता हूं कि हमारे युवाओं को वैश्विक अनुभव भी मिले।
उन्होंने कहा, “आज स्वच्छ ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, हरित हाइड्रोजन और टिकाऊ विनिर्माण से जुड़े क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन क्षेत्रों में साझेदारी एक नई अर्थव्यवस्था के अवसरों के दरवाजे खोल रही हैं। स्वीडन, नॉर्वे और इटली जैसे देशों के साथ 'ग्रीन ट्रांजिशन एंड सस्टेनेबल टेक्नोलॉजी' में सहयोग बढ़ रहा है, जो भारत को क्लीन मैन्युफैक्चरिंग में मजबूत करेगा।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हर भारतीय एक बड़े संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, जो 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए देश विभिन्न क्षेत्रों में निवेश कर रहा है, जिससे युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के अवसर उत्पन्न हो रहे हैं।