प्रधानमंत्री मोदी ने IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस पर युवाओं को दी प्रेरणा
IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री का संबोधन
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को IIT खड़गपुर के 75वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया। इस प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के मंच से उन्होंने युवाओं को देश की प्रगति के लिए 'अपनी सीमाओं को तोड़ने' का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी को अपनी सोच को सीमित नहीं करना चाहिए और बड़े लक्ष्यों की ओर बढ़ना चाहिए।
पीएम मोदी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में IIT खड़गपुर की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इसके ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए कहा, "यह वही भूमि है, जहां स्वतंत्रता सेनानियों के लिए डिटेंशन कैंप हुआ करता था। उनका सपना था कि भारत अपने दम पर आगे बढ़े और दुनिया में सर्वश्रेष्ठ बने। यही विजन आज युवाओं के लिए प्रेरणा है।"
With India’s brightest at IIT Kharagpur.
It was a memorable interaction indeed…@IITKgp pic.twitter.com/irACCgh5dp
— Narendra Modi (@narendramodi) November 21, 2026
प्रधानमंत्री ने युवाओं को आत्मविश्वास रखने और चुनौतियों का सामना करने की सलाह दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैं कभी भी रास्ते में आने वाली चुनौतियों से नहीं रुकता। कई लोग मुश्किलों से डर जाते हैं और अपनी क्षमताओं पर सीमाएं लगा लेते हैं। लेकिन भारत ने हाल के वर्षों में अपनी सीमाओं को तोड़कर दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है।"
इस अवसर पर पीएम मोदी ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश को जीवन का मूलमंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, "स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था— 'उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए।' हमें इस सीख को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा, तभी हम एक 'विकसित भारत' का निर्माण कर पाएंगे।"
प्रधानमंत्री ने सुबह करीब 10:30 बजे IIT खड़गपुर पहुंचकर वहां 'वॉयसेस फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम के तहत 75 मेधावी छात्रों के साथ संवाद किया और भविष्य की तकनीक पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके बाद नेताजी ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य समारोह में उन्होंने संस्थान के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष 'प्लैटिनम जुबली' स्मारक सिक्का भी जारी किया।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे IIT परिसर और आसपास के क्षेत्रों को सुरक्षा के लिहाज से छावनी में तब्दील कर दिया गया था। राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की निगरानी के साथ भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात रहे। सुरक्षा के कारण बाहरी लोगों का परिसर में प्रवेश वर्जित था। इसके अलावा, प्रशासन ने सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक पूरे पश्चिम मेदिनीपुर जिले के आसमान में ड्रोन उड़ाने पर भी पाबंदी लगा दी थी।