×

प्रधानमंत्री मोदी ने कॉमनवेल्थ स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में 28वीं कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसिडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत की लोकतांत्रिक यात्रा और विकास की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और कई क्षेत्रों में अग्रणी है। इस सम्मेलन में भारत की भूमिका और वैश्विक मंचों पर उसकी स्थिति पर भी चर्चा की गई।
 

कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसिडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में 28वीं कॉमनवेल्थ स्पीकर्स एंड प्रेसिडिंग ऑफिसर्स कॉन्फ्रेंस (CSPOC), 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, और राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश नारायण सिंह ने उनका स्वागत किया।

पीएम मोदी ने कहा कि, जिस स्थान पर आप सभी उपस्थित हैं, वह भारत की लोकतांत्रिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण स्थल है। गुलामी के अंतिम वर्षों में, जब भारत की स्वतंत्रता सुनिश्चित हो चुकी थी, इसी सेंट्रल हॉल में संविधान सभा की बैठकें हुई थीं। आजादी के बाद से 75 वर्षों तक यह इमारत भारत की संसद रही है, जहां कई महत्वपूर्ण निर्णय और चर्चाएं हुईं। अब इस लोकतंत्र को समर्पित स्थान को भारत ने संविधान सदन का नाम दिया है।

उन्होंने आगे कहा, भारत में लोकतंत्र का अर्थ है, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना। हम लोक कल्याण की भावना से हर व्यक्ति के लिए बिना किसी भेदभाव से काम कर रहे हैं। इसी भावना के चलते पिछले कुछ वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। भारत हर वैश्विक मंच पर Global South के हितों को मजबूती से उठाता रहा है। G20 अध्यक्षता के दौरान भी भारत ने Global South की चिंताओं को वैश्विक एजेंडे में प्रमुखता दी है।

पीएम ने कहा, आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। यूपीआई आज दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल भुगतान प्रणाली है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक है। भारत दुनिया का नंबर-2 स्टील उत्पादक है। भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट है। भारत में दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। और भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क है।