प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारतीय इनोवेशन का किया प्रदर्शन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भारत का डीप-टेक प्रदर्शन
नई दिल्ली: 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के उभरते डीप-टेक और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र की प्रशंसा की। उन्होंने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन' का दौरा ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "भारत से नवाचार, दुनिया के लिए समाधान! मैंने ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ भारत इनोवेट्स का दौरा किया। हमारे युवाओं की ऊर्जा और समर्पण पर गर्व है।"
इस अवसर पर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और अन्य ब्रिक्स नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले, शुक्रवार को भारत मंडपम में दो दिन का 'भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन' आरंभ हुआ, जिसमें भारत की डीप-टेक क्षेत्र की नवीनतम और उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
यह प्रदर्शनी शिक्षा मंत्रालय द्वारा विदेश मंत्रालय के सहयोग से आयोजित की गई है। इसका उद्देश्य भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों से निकलने वाले नवाचारों को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देना है।
इस पहल का लक्ष्य भारत के नवाचार नेटवर्क को दुनिया भर के कॉरपोरेट्स, निवेशकों, इनक्यूबेटर्स, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, सरकारों और विदेशों में रहने वाले भारतीय पूर्व छात्रों से जोड़ना है। इसमें स्टार्टअप, विश्वविद्यालय, प्रयोगशालाएं, अनुसंधान पार्क और अन्य संस्थान शामिल हैं। इससे दीर्घकालिक सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।
ब्रिक्स भारत इनोवेट्स (बीबीआई) एक्सपोजिशन 2026 में भारत के डीप-टेक स्टार्टअप्स की दूसरी बड़ी प्रदर्शनी है। इससे पहले, पहली भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी 14 से 16 जून 2026 के बीच फ्रांस के नीस शहर में आयोजित की गई थी।
इस बार बीबीआई में 37 भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं, जो उन 120 स्टार्टअप्स में से चुने गए हैं जिन्होंने नीस में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 में हिस्सा लिया था। यह प्रदर्शनी भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण' के अनुरूप है।
इस बीच, शनिवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स नेताओं के सम्मान में एक भव्य रात्रिभोज का आयोजन किया, जिसमें कई देशों के नेता और प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचे।
इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
शाम का मुख्य आकर्षण एक विशेष वीगन गाला डिनर था, जिसका मेन्यू भारत की विविध खान-पान परंपराओं को दर्शाने के लिए तैयार किया गया था। इसमें पर्यावरण संरक्षण, समावेशिता और जिम्मेदार मेहमाननवाजी का भी ध्यान रखा गया।
कार्यक्रम में "नवरसा - साझा भावनाओं का ब्रह्मांड" नाम की एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई।
एक और खास आकर्षण ब्रिक्स सिम्फनी "वन रिदम, मेनी कल्चर्स" रही, जिसमें ब्रिक्स देशों और उनके साझेदार देशों के संगीतकारों ने मिलकर प्रस्तुति दी।
अलग-अलग देशों की संगीत परंपराओं और वाद्ययंत्रों का उपयोग करते हुए इस सिम्फनी ने एक साझा कलात्मक प्रस्तुति पेश की, जो ब्रिक्स परिवार की सांस्कृतिक विविधता और एकता की भावना को दर्शाती है।