प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना: असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए आर्थिक सुरक्षा
आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक कदम
केंद्र सरकार असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का संचालन कर रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन व्यक्तियों को बुढ़ापे में नियमित आय प्रदान करना है, जिनके पास कोई स्थायी पेंशन योजना नहीं है। इस योजना के तहत, 60 वर्ष की आयु के बाद हर महीने 3000 रुपए की पेंशन दी जाती है, जो कम आय वाले श्रमिकों के लिए भविष्य में एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बन सकती है.
कम योगदान, अधिक लाभ
इस योजना की एक विशेषता यह है कि इसमें बहुत कम राशि का योगदान करना होता है। उम्र के अनुसार मासिक योगदान की राशि निर्धारित की गई है। उदाहरण के लिए, यदि कोई व्यक्ति 18 वर्ष की आयु में योजना से जुड़ता है, तो उसे हर महीने केवल 55 रुपए जमा करने होते हैं। इसके बदले, 60 वर्ष की आयु के बाद उसे पेंशन का लाभ मिलता है.
किसके लिए है यह योजना?
प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना विशेष रूप से असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले व्यक्तियों के लिए बनाई गई है। इसमें रिक्शा चालक, रेहड़ी-पटरी वाले, घरेलू कामगार, मजदूर, दर्जी, प्लंबर, ड्राइवर, मोची, धोबी और निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक शामिल हैं। ऐसे लोग जो नियमित नौकरी या सरकारी पेंशन का लाभ नहीं लेते, वे इस योजना का हिस्सा बन सकते हैं.
योजना की पात्रता और शर्तें
इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ शर्तें निर्धारित की गई हैं। आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसकी मासिक आय 15,000 रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, आधार कार्ड और बैंक या जनधन खाता होना आवश्यक है। जो लोग पहले से किसी सरकारी पेंशन योजना का लाभ ले रहे हैं, वे इस योजना में शामिल नहीं हो सकते.
परिवार को भी सुरक्षा
इस योजना में केवल सदस्य ही नहीं, बल्कि उनके परिवार को भी सुरक्षा मिलती है। यदि सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो उसका जीवनसाथी योजना को जारी रख सकता है। वहीं, 60 वर्ष के बाद पेंशन मिलने के दौरान सदस्य की मृत्यु होने पर पति या पत्नी को 50 प्रतिशत पेंशन मिलती रहती है। यही कारण है कि यह योजना गरीब और मध्यम वर्ग के श्रमिकों के लिए अत्यंत लाभकारी मानी जा रही है.