प्रयागराज जंक्शन पर फर्जी आरपीएफ दरोगा गिरफ्तार
प्रयागराज में फर्जी आरपीएफ अधिकारी की गिरफ्तारी
प्रयागराज: प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का नकल करने वाले एक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। यह युवक पिछले तीन महीनों से स्टेशन पर वर्दी पहनकर यात्रियों को डराता और बिना टिकट यात्रा करने वालों से पैसे वसूलता था।
आरोपी की पहचान दिव्यांशु कुमार के रूप में हुई है, जो गाजीपुर जिले के बरेसर थाना क्षेत्र के रेंगा गांव का निवासी है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, लेकिन परिवार के दबाव के चलते उसने झूठ बोला कि उसे रेलवे पुलिस में दरोगा की नौकरी मिल गई है।
दिव्यांशु ने आरपीएफ जैसी वर्दी के लिए बाजार से स्टार, बैज, मोनोग्राम, नीली डोरी और लाल जूते खरीदे। इसके बाद वह नियमित रूप से प्रयागराज जंक्शन पर वर्दी पहनकर आने लगा और खुद को दरोगा बताकर यात्रियों की चेकिंग करता था। इस दौरान वह बिना टिकट यात्रा करने वालों को डराकर उनसे पैसे वसूलता था।
रविवार को आरपीएफ की टीम प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध दरोगा को देखकर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक घबरा गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में दिव्यांशु ने बताया कि हाल ही में माघ मेले के दौरान उसने अपने माता-पिता और पत्नी को प्रयागराज लाया था। उसने वर्दी का रौब दिखाकर परिवार को संगम में “सरकारी रसूख” के साथ स्नान कराया, जिससे घरवालों को यकीन हो गया कि वह सच में रेलवे पुलिस का अधिकारी बन गया है।
रेलवे के क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार पाठक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। उसके पास से आरपीएफ की वर्दी, 650 रुपये नकद, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं।