प्रयागराज में रिश्वतखोरी का अनोखा मामला: सब-इंस्पेक्टर ने मांगी गाय, भैंस और कुत्ता
रिश्वतखोरी का मामला
UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से रिश्वतखोरी का एक अजीब मामला सामने आया है। एसटीएफ में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर रणेन्द्र कुमार सिंह ने शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में एक व्यक्ति से रिश्वत के रूप में दो गाय, एक जर्मन शेफर्ड कुत्ता और एक भैंस मांगी। इसके साथ ही उन्होंने कुर्सी और मेज खरीदने के लिए 35,000 रुपये की भी मांग की।
नवाबगंज थाने का मामला
यह मामला प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज शराब तस्करी की एफआईआर से संबंधित है। हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव के निवासी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू ने सब-इंस्पेक्टर रणेंद्र कुमार सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। मनवीर का कहना है कि शराब तस्करी के मामले से नाम हटवाने के लिए उससे गाय, भैंस, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और पैसे मांगे गए। उन्होंने 17 फरवरी 2026 को हिसार मंडल के एंटी करप्शन ब्यूरो में इसकी शिकायत की थी।
35 हजार रुपये की मांग
शिकायत के अनुसार, दरोगा ने 1 फरवरी 2026 को मनवीर को फोन किया और दो गाय भेजने के लिए कहा। मनवीर का आरोप है कि उसने 3 फरवरी को दो गाय भेज दीं, लेकिन मांग खत्म नहीं हुई। 9 फरवरी को फिर से फोन आया, इस बार एक गाय और एक भैंस भेजने के लिए कहा गया। इसके अलावा, जर्मन शेफर्ड कुत्ते और कुर्सी-मेज खरीदने के लिए 35,000 रुपये की भी मांग की गई।
सबूतों की जांच के बाद FIR दर्ज
मनवीर सिंह ने हरियाणा एंटी-करप्शन ब्यूरो को सब-इंस्पेक्टर के साथ हुई बातचीत की 45 ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट प्रदान किए। जांच में रिकॉर्डिंग और अन्य सबूत सही पाए गए। इसके बाद, 6 अक्टूबर को सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।