फरीदाबाद में दिव्यांग बच्चों के लिए वार्षिकोत्सव का आयोजन
दिव्यांग बच्चों के लिए सहानुभूति की आवश्यकता: पद्मश्री दीपा मलिक
- दिव्यांगों को सहारे की नहीं सहानुभूति और उनका साथ निभाने वालों की है जरूरत : पद्मश्री दीपा मलिक
फरीदाबाद। भारतीय विकास परिषद सोशल वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा दिव्यांग बच्चों के लिए आयोजित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर के वार्षिकोत्सव में देश की प्रसिद्ध पैरा-ओलंपियन पद्मश्री एवं खेल रत्न-अर्जुन अवार्डी डॉ. दीपा मलिक मुख्य अतिथि रहीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जेसी बोस विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजीव कुमार ने की। इस अवसर पर उद्योगपति सुदीप्तो रॉय चौधरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर क्षेत्रीय संपर्क प्रमुख श्रीकृष्ण सिंघल, अध्यक्ष मनोज तंतिया, महासचिव अशोक बोयल, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पवन अग्रवाल, मीडिया विभागाध्यक्ष प्रो. पवन सिंह, और वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की प्रधानाचार्य रेनू अग्रवाल सहित कई सम्मानित अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत दिव्यांग बच्चों द्वारा श्रीगणेश वंदना से हुई।
2012 से चल रहे शिक्षा प्रोजेक्ट की जानकारी दी गई
डॉ. दीपा मलिक ने अपने संबोधन में अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए दिव्यांग बच्चों को प्रोत्साहित किया और कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा चलाए जा रहे सभी प्रोजेक्ट सराहनीय हैं। सेंटर की प्रधानाचार्य रेनू अग्रवाल ने 2012 से चल रहे शिक्षा प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की। मंच संचालन कर रहे राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर में 30-36 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।