फाजिल्का में ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या, लोग वीडियो बनाते रहे
फाजिल्का में आत्महत्या की घटना
फाजिल्का जिले के जलालाबाद में एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली। यह घटना डीएवी हॉल्ट रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे फाटक पर हुई। मृतक की पहचान अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो जलालाबाद का निवासी और नगरपालिका में सफाई कर्मचारी था। यह बेहद दुखद है कि वहां मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया, बल्कि वे अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त रहे।
ट्रेन के नजदीक आते ही लेट गया
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर से श्रीगंगानगर जा रही पैसेंजर ट्रेन जब डीएवी हॉल्ट की ओर बढ़ रही थी, तब अशोक कुमार रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया और पटरी पर लेट गया। ट्रेन के करीब आते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ट्रेन रुकने के बाद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
जीआरपी ने शुरू की जांच
जीआरपी के जांच अधिकारी एमपी शर्मा के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे स्टेशन मास्टर ने कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। इसके बाद जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया।
आत्महत्या के कारणों की जांच
जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, इसके पीछे की असली वजह का पता परिजनों के बयान और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।