फ्लोरिडा में होमकमिंग उत्सव के दौरान गोलीबारी की घटना
फ्लोरिडा में गोलीबारी की घटना
फ्लोरिडा में गोलीबारी: अमेरिका के फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी (FAMU) में होमकमिंग वीकेंड के जश्न के दौरान शनिवार रात एक गंभीर गोलीबारी की घटना घटी। इस घटना ने विश्वविद्यालय के ब्रैग मेमोरियल स्टेडियम और पेरी स्ट्रीट के आसपास अफरा-तफरी मचा दी। रिपोर्टों के अनुसार, इस फायरिंग में कई लोग घायल हुए हैं, जिसके बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन ने आपातकालीन सुरक्षा चेतावनी जारी की।
पुलिस ने बताया कि 12 घायलों में से 11 को गोली लगी है, जिनमें से छह नाबालिग हैं।
सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन सेवा कर्मी नजर आ रहे हैं।
शनिवार को FAMU का वार्षिक होमकमिंग उत्सव और परेड आयोजित की गई थी। फुटबॉल मैच के बाद पूर्व छात्रों और प्रशंसकों के जुटने के लिए यूनिवर्सिटी ने टेलगेटिंग का समय रात 10 बजे तक बढ़ा दिया था, इसी दौरान यह गोलीबारी हुई।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी किया। छात्रों, स्थानीय निवासियों और कैंपस के आसपास मौजूद लोगों को घरों के अंदर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के निर्देश दिए गए।
टैलाहासी पुलिस विभाग के अधिकारी भारी हथियारों के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता एलिस हिल ने लोगों से अपील की है कि वे उस क्षेत्र से दूर रहें और जांच में सहयोग करें।