बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, चारधाम यात्रा 2026 का समापन
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया
उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध चारधाम में शामिल भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधियों के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। भगवान बदरी विशाल के कपाट शुभ मुहूर्त में रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए गए। इस विशेष अवसर पर हजारों श्रद्धालु धाम में उपस्थित रहे। कपाट बंद होने के समय बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था। इस वर्ष यात्रा सीजन में 23 लाख 49 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
कपाट बंद होने की प्रक्रिया पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई, जिसमें भगवान नारायण की विशेष पूजा का आयोजन किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार, मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने वर्ष की अंतिम पूजा संपन्न की और भगवान बदरी विशाल को माणा गांव की महिलाओं द्वारा तैयार किया गया 'घृत कंबल' ओढ़ाया।
इसके बाद, रावल ने पारंपरिक स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया। बदरी केदार मंदिर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सेना के बैंड की मधुर धुनों और 'जय बदरी विशाल' के उद्घोष के बीच धाम के कपाट बंद किए गए।
बदरी विशाल के कपाट बंद होने के बाद, कल यानी 17 नवंबर को सुबह भगवान उद्धव और कुबेर जी की देव डोलियां अपने शीतकालीन प्रवास स्थल योगध्यान बदरी मंदिर (पांडुकेश्वर) के लिए प्रस्थान करेंगी। इसके साथ ही आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) स्थित नरसिंह मंदिर गद्दीस्थल के लिए रवाना होगी, जहां श्रद्धालु शीतकाल के दौरान दर्शन कर सकेंगे।
इस वर्ष की चारधाम यात्रा में बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों में नया उत्साह देखने को मिला। बीकेटीसी के आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा सीजन में अब तक 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। इनमें 14 लाख से अधिक पुरुष, 8 लाख से अधिक महिलाएं और 1 लाख से अधिक बच्चे शामिल हैं।
यह ध्यान देने योग्य है कि भगवान बदरी विशाल की मूल शालिग्राम की स्वयंभू मूर्ति को कभी भी बदरीनाथ मंदिर से बाहर नहीं निकाला जाता है। बदरीनाथ धाम को भू बैकुंठ, यानी धरती का बैकुंठ भी कहा जाता है, जहां भगवान विष्णु की काले पत्थर शालिग्राम की प्रतिमा ध्यान मग्न मुद्रा में विराजमान है।