बरेली के युवक ने दरोगा की वर्दी पहनकर शादी में किया धोखा
सहारनपुर में युवक की गिरफ्तारी
सहारनपुर। बरेली के एक युवक ने शादी के लिए दरोगा की वर्दी पहनकर लड़की वालों के घर जाकर अपना रौब जमाने की कोशिश की। युवक ने दावा किया कि उसकी तैनाती सहारनपुर में है। पिछले तीन से चार महीनों से दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की बातचीत चल रही थी। युवक को गुरुवार को सहारनपुर के जिलाधिकारी कार्यालय से गिरफ्तार किया गया।
बरेली के जशनपुर गांव का निवासी कासिम, शादी के लिए लड़की देखने गया था। उसने दरोगा की वर्दी पहनकर खुद को 2023 बैच का बताया। पीलीभीत की एक युवती के परिवार ने सहारनपुर आकर उससे मिलने का कार्यक्रम बनाया। कासिम ने कलेक्ट्रेट में ड्यूटी पर होने का दावा किया। जब लड़की का परिवार वहां पहुंचा, तो कासिम दरोगा की वर्दी में मिला। इस दौरान वहां मौजूद दरोगा अमित कुमार को उस पर संदेह हुआ। उन्होंने कासिम से उसके रोल नंबर और तैनाती के बारे में सवाल किए, लेकिन कासिम सही जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कासिम की असलियत सामने आई। लड़की वालों ने बताया कि वे उसे अच्छा मानकर कलियर शरीफ दरगाह गए थे। वहां से लौटते समय कासिम से मिलने का कार्यक्रम बना था, लेकिन जब वे आए, तो सच्चाई उजागर हो गई। कासिम के पिता पुत्तन ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की इस हरकत की जानकारी नहीं थी। थाना अध्यक्ष कपिल देव ने बताया कि कासिम ने स्वीकार किया कि वह पुलिस में चयनित नहीं हुआ था और शादी के लिए झूठा रुतबा दिखाने के लिए वर्दी पहनी थी।