बरेली में घरेलू विवाद के चलते सास ने खाया जहर, हालत गंभीर
घरेलू विवाद का गंभीर परिणाम
बरेली । उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर में एक घरेलू विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। 58 वर्षीय अनुपम रस्तोगी ने अपने बेटे और बहू की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर बुधवार को जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
अनुपम के पति, राजीव रस्तोगी ने बताया कि उनका छोटा बेटा और बहू घर पर कब्जा करना चाहते हैं, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार उनके साथ मारपीट भी की गई, जिसकी शिकायत किला थाने में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
झगड़े के बाद जहरीला पदार्थ सेवन
बुधवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इस बार बहू ने अनुपम रस्तोगी की पिटाई कर दी। इससे दुखी होकर अनुपम ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी हालत बिगड़ने पर पति और छोटी बेटी उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए। अनुपम की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पति राजीव की शिकायत और वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी बेटे और बहू के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।