×

बांग्लादेश में पत्रकारों पर हमले की निंदा, निष्पक्ष जांच की मांग

बांग्लादेश में हाल ही में पत्रकारों पर हुए हमले ने देश में स्वतंत्र पत्रकारिता की स्थिति को गंभीरता से प्रभावित किया है। इस घटना के बाद भ्रष्टाचार-रोधी संस्था ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पत्रकारों के खिलाफ बढ़ते हमलों और उनके सुरक्षा के मुद्दे पर चिंता जताते हुए, टीआईबी ने अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की अपील की है। जानें इस घटना के पीछे की सच्चाई और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदमों के बारे में।
 

बांग्लादेश में पत्रकारों पर हमले की घटना

ढाका: बांग्लादेश में हालात इन दिनों काफी तनावपूर्ण हैं। एक ओर, देशभर में छात्रों के प्रदर्शन जारी हैं, वहीं दूसरी ओर, पत्रकारों पर गोलीबारी की घटनाएं भी सामने आई हैं। भ्रष्टाचार-रोधी संस्था ने खुलना शहर में पत्रकारों को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की कड़ी निंदा की है, इसे स्वतंत्र पत्रकारिता और प्रेस की आजादी पर हमला बताया गया है।


खुलना में 15 जुलाई की सुबह चार पत्रकारों पर बंदूकधारियों ने गोलीबारी की। उस समय सभी पत्रकार अपने काम के बाद एक चाय की दुकान के बाहर बैठे थे। इस हमले में बांग्लादेशी अखबार द बिजनेस स्टैंडर्ड के संवाददाता अवल शेख भी घायल हुए, जिन्हें गोली के छर्रे लगे थे।


ट्रांसपेरेंसी इंटरनेशनल बांग्लादेश (टीआईबी) ने एक बयान में कहा कि पत्रकारों के खिलाफ केस दर्ज करने में देरी, डर के माहौल और अधिकारियों पर बढ़ते अविश्वास को दर्शाती है। टीआईबी ने जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें सजा देने के लिए त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की।


बांग्लादेशी अखबार ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, टीआईबी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इफ्तेखारुज्जमां ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि हमला किसी विशेष पत्रकार को निशाना बनाकर किया गया या किसी विशेष समाचार रिपोर्ट का प्रतिशोध था। यह हमला मीडिया की स्वतंत्रता और बोलने के अधिकार पर सीधा हमला है।


उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के दबाव या देरी के बिना निष्पक्ष और प्रभावी जांच होनी चाहिए, ताकि न केवल अपराधियों की पहचान हो सके, बल्कि उन लोगों की भी पहचान हो सके जिन्होंने हमले की योजना बनाई थी।


टीआईबी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर ने चिंता जताते हुए कहा कि पीड़ितों का कानूनी मदद लेने में हिचकिचाना, बांग्लादेश में पत्रकारों के बीच बदले की भावना और असुरक्षा को दर्शाता है।


उन्होंने कहा, “ऐसे हालात में यह कहना सही है कि संबंधित अधिकारियों की क्षमता और इच्छा पर भरोसा नहीं किया जा सकता। हालांकि, इंटेलिजेंस अधिकारियों के पास निगरानी की पर्याप्त क्षमता है।”


इफ्तेखारुज्जमां ने बांग्लादेशी अधिकारियों से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की अपील की।