बांग्लादेश में सैन्य अभ्यास के दौरान चीनी टैंक में विस्फोट, दो जवानों की मौत
बांग्लादेश में सैन्य अभ्यास में दर्दनाक हादसा
बांग्लादेश सैन्य अभ्यास: बांग्लादेश में चल रहे एक सैन्य अभ्यास के दौरान एक गंभीर घटना ने सबको चौंका दिया। अभ्यास के दौरान एक 'मेड इन चाइना' टैंक अचानक विस्फोट कर गया, जिससे दो जवानों की जान चली गई। यह घटना तब हुई जब जवान टैंक के अंदर फायरिंग का अभ्यास कर रहे थे। इस हादसे ने चीनी सैन्य उपकरणों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार को चट्टोग्राम के हथाजारी में फील्ड फायरिंग रेंज में हुई। विस्फोटित टैंक की पहचान चीन के 'टाइप 59' टैंक के रूप में की गई है।
सैन्य अभ्यास के दौरान बांग्लादेशी सेना का यह चीनी टैंक गोला दागते ही आग के गोले में बदल गया। बैरल के अंदर गोला फटने से हुए भीषण धमाके में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, और इसकी जांच की जा रही है। घायल अधिकारी को बेहतर चिकित्सा के लिए एयरलिफ्ट करके ढाका के कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) में भर्ती कराया गया है।