बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन: मांगें न पूरी होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
पलवल में बिजली कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन
पलवल समाचार: बिजली कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधीक्षक अभियंता (एसई) कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर पलवल, नूंह और होडल डिविजनों के सैकड़ों कर्मचारी एकत्र हुए। कर्मचारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक गेट मीटिंग आयोजित की और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्कल सचिव राजेश शर्मा ने की, जबकि मंच संचालन राज्य सचिव सामून खान ने किया।
यूनियन के राज्य उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगभग पांच महीने पहले 32 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
यूनियन नेताओं ने बताया कि कच्चे कर्मचारियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के नाम पर परेशान किया जा रहा है, जबकि वे लंबे समय से सेवा दे रहे हैं। इसके अलावा, कर्मचारियों की निजी जानकारी थर्ड पार्टी को देने का भी आरोप लगाया गया। उन्होंने लाइन शिफ्टिंग में अनियमितताओं को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गईं, तो सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। यूनियन ने यह भी मांग की है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।