बिसलेरी का बोतलबंद पानी असुरक्षित, FSSAI ने मुकदमा चलाने की दी मंजूरी
खाद्य नियामक की जांच में बिसलेरी का पानी फेल
खाद्य सुरक्षा नियामक ने बिसलेरी के बोतलबंद पानी के नमूने को असुरक्षित पाया है। दो बार की जांच में पानी पीने योग्य नहीं पाया गया। इसके चलते भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुमति दी है।
जांच में ब्रोमेट और PAH की उपस्थिति
FSSAI ने बिसलेरी के परिसर से 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (मिनरल वाटर को छोड़कर)' का नमूना लिया था, जो जांच में असफल रहा। रविवार को FSSAI ने सोशल मीडिया पर इस मामले की जानकारी साझा की। जांच में ब्रोमेट और पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की उपस्थिति के कारण पानी को असुरक्षित घोषित किया गया।
दो बार की जांच में असफलता
FSSAI ने बताया कि पहले नमूने में ब्रोमेट की मात्रा मानक से अधिक पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पानी को असुरक्षित करार दिया गया। कंपनी की अपील पर नमूने को दूसरी प्रयोगशाला में भेजा गया, जहां PAH की उपस्थिति के कारण इसे फिर से असुरक्षित घोषित किया गया।
अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई
बिसलेरी इंटरनेशनल के अलावा, FSSAI ने वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मिमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी जैसी अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की अनुमति दी है।
लाइसेंस निलंबन और उत्पाद वापस लेने के आदेश
नियमों का उल्लंघन करने के कारण उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा, आशा कन्फेक्शनरी को अपने 'प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज' को बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है, क्योंकि इसके नमूने भी असफल रहे हैं।