☰
×

बिहार के बेतिया में करोड़ों की ज्वेलरी लूट, पुलिस ने शुरू की जांच

बिहार के बेतिया में एक गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों की लूट की। घटना के दौरान शोरूम का सेफ्टी अलार्म बजने लगा और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज की जांच कर रही है। इस लूट ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

बेतिया में दिनदहाड़े लूट की घटना

बेतिया। बिहार के बेतिया जिले में एक गोल्ड शोरूम में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े करोड़ों की लूट की। इस घटना के दौरान शोरूम का सेफ्टी अलार्म बजने लगा। एक वीडियो में यह सुनाई दे रहा है कि कोई कह रहा है, 'लूट हुआ है सर...'। यह वारदात कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा रोड पर स्थित सैनको गोल्ड एंड डायमंड शोरूम में हुई।


BREAKING

बिहार के बेतिया में अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेंको ज्वेलर्स शोरूम में हथियारबंद बदमाशों ने करोड़ों के आभूषण लूट लिए।

बताया जा रहा है कि तीन बाइक पर सवार करीब 8 अपराधी शोरूम पहुंचे और हथियारों के बल पर लूटपाट की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 30 से 40 करोड़ रुपये के आभूषण लूटे जाने की आशंका है।

दिनदहाड़े इतनी बड़ी लूट ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

#Bettiah #BiharNews #BreakingNews

— Prabhakar Kumar (@prabhakarjourno) November 18, 2026


जानकारी के अनुसार, लगभग 6 से 8 अपराधी हथियारों के साथ शोरूम में घुसे। सभी के हाथों में बंदूकें और अन्य हथियार थे। जैसे ही वे अंदर पहुंचे, उन्होंने कर्मचारियों को हथियार दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला। बदमाशों ने कुछ ही मिनटों में शोरूम में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। कर्मचारियों का कहना है कि अपराधी लगभग सभी गहने और कैश लेकर भाग गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए सामान की कीमत करोड़ों में है।


सेफ्टी अलार्म बजने के बीच कर्मचारी ने फोन पर दी लूट की सूचना

लूट के दौरान शोरूम में लगे सेफ्टी अलार्म ने भी काम किया। वीडियो में किसी को फोन पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, 'लूट हुआ है सर...'। इस दौरान शोरूम में बदमाशों की मौजूदगी और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है। लूट के दौरान अपराधियों ने एक कर्मचारी को बंदूक की बट से पीटकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद शोरूम के कर्मचारियों में दहशत है।


लूट के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। व्यस्त सड़क पर स्थित ज्वेलरी शोरूम में इतनी बड़ी लूट होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।


DIG और SSP मौके पर पहुंचे, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


फिलहाल, पुलिस शोरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके साथ ही अपराधियों की संख्या, उनके आने-जाने के रास्तों और इस्तेमाल किए गए वाहनों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि बदमाश किस दिशा से आए थे और लूट के बाद किस रास्ते से भागे। पुलिस अधिकारियों की टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। इस दिनदहाड़े हुई करोड़ों की लूट ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।