बिहार में अवैध अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला, अधिकारी बाल-बाल बचे
मुजफ्फरपुर में प्रशासनिक टीम पर हमला
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम को स्थानीय निवासियों के तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। साहेबगंज बाजार में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ उपद्रवियों ने छतों से अचानक ईंट और पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस हिंसक हमले में बुलडोजर का शीशा टूट गया, जबकि चालक किसी तरह सुरक्षित बच निकला। अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई और अधिकारियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा।
छतों से पत्थरबाजी, प्रशासन ने दी थी चेतावनी
जानकारी के अनुसार, साहेबगंज बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया था। दुकानदारों और कब्जाधारियों को गुरुवार तक अपना अवैध अतिक्रमण हटाने का समय दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर के साथ कार्रवाई शुरू की। जैसे ही टीम केशव चौक के पास पहुंची, वहां के मकानों की छतों से कुछ लोगों ने अचानक पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि बुलडोजर का अगला शीशा टूट गया और टीम को संभलने का मौका नहीं मिला।
पुलिस बल की मौजूदगी में फिर से शुरू हुई कार्रवाई
प्रशासनिक टीम पर पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की सुरक्षा में प्रशासन ने फिर से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया। इस दौरान नवल किशोर चौक, केशव चौक, ब्रजनंदन चौक, गांधी चौक और इंद्रेदेव चौक से लेकर ब्लॉक गेट तक अवैध कब्जों को हटाया गया। कई दुकानों के आगे लगे टीन शेड, होटलों के अवैध निर्माण और फुटपाथ पर सजी दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
वायरल तस्वीरों से उपद्रवियों की पहचान
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक युवक की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह कथित तौर पर पुलिस और प्रशासन की टीम पर ईंट फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर इस तस्वीर की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि पथराव में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा सके। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद फिरोज ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए साहेबगंज थाने में आवेदन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।