बिहार में गोपाल खेमका की हत्या पर सियासी बवाल, कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल
पटना में हत्या से मचा हड़कंप
पटना। बिहार की राजधानी पटना में उद्योगपति गोपाल खेमका की हत्या ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी दल के नेता नीतीश सरकार पर तीखे हमले कर रहे हैं। कांग्रेस नेता डॉ. अखिलेश प्रताप सिंह ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, कल एक प्रतिष्ठित व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई। यह चिंताजनक है, क्योंकि कुछ साल पहले उनके बेटे की भी हत्या हुई थी। बिहार के कई जिलों में रोजाना हत्याएं हो रही हैं, लेकिन सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। सरकार ने बिहार की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। जब भी नीतीश कुमार और बीजेपी का गठबंधन होता है, तब राज्य में हत्या और बलात्कार जैसे अपराधों में वृद्धि होती है।
उन्होंने आगे कहा कि, एक समय था जब बिहार शांति, सद्भाव और ज्ञान का प्रतीक था, लेकिन अब यहां गुंडों की गोलियां चल रही हैं। एक तरफ, ADG लॉ एंड ऑर्डर पुलिस पर बढ़ते हमलों को चिंता का विषय मानते हैं, दूसरी तरफ पटना में तेजस्वी यादव के आवास के पास अपराधी खुलेआम गोलियां चलाते हैं। इस साल अकेले पटना में 116 हत्याएं और 41 बलात्कार की घटनाएं हुई हैं। पिछले साल पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 151 दिनों में पुलिस पर 1,297 बार हमले हुए। NCRB के आंकड़ों के अनुसार, 2005 में बिहार में कुल अपराध की संख्या 1,60,664 थी, जो 2022 में बढ़कर 3,47,835 हो गई। यह 323% की वृद्धि दर्शाता है। हत्याओं के मामले में बिहार का स्थान उत्तर प्रदेश के बाद आता है।
उन्होंने कहा कि, NDA के शासन में 17 साल में 53,000 से अधिक हत्या के मामले दर्ज किए गए हैं। हत्या के प्रयास के मामलों में भी बिहार देश में दूसरे स्थान पर है, जहां कुल 98,169 घटनाएं दर्ज हुईं, जो 262% की वृद्धि है। बिहार में जघन्य अपराधों (हत्या, बलात्कार, अपहरण, फिरौती, डकैती) के मामलों में भी 226% की वृद्धि हुई है। 17 साल में 5,59,413 मामले दर्ज हुए हैं। बिहार में 2,21,729 महिलाएं अपराध का शिकार बनीं और महिला अपराध के मामलों में 336% की वृद्धि हुई है। महिलाओं के अपहरण के मामलों में 1097% और बच्चों के खिलाफ अपराध में 7062% की वृद्धि हुई है। दलित अपराध के मामलों में बिहार, उत्तर प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर है।