बिहार में नयी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह: गांधी मैदान में तैयारियाँ जोरों पर
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियाँ
बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। सोमवार को जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और अन्य एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। पूरे मैदान को विभिन्न जोन में विभाजित किया गया है ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस समारोह के लिए 25 बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को नियुक्त किया है।
गांधी मैदान में मुख्य मंच का निर्माण वीवीआइपी सुरक्षा मानकों के अनुसार किया जाएगा। इसके आस-पास बैरिकेडिंग, विशेष अतिथियों के लिए अलग मार्ग, मीडिया के लिए निर्धारित क्षेत्र और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था पर काम चल रहा है। पंडाल, साउंड सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी विभिन्न एजेंसियों को सौंपी गई है। पिछले दिन कई अधिकारी गांधी मैदान का निरीक्षण करने पहुंचे। दोपहर में प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेश कुमार पराशर, रेंज आइजी जीतेन्द्र राणा और जिलाधिकारी डा. त्यागराजन एस एम ने निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सोमवार को पंडाल निर्माण के लिए सामग्री भी उतारी गई।
नगर निगम की टीमों ने मैदान में सफाई अभियान चलाया है। पेयजल स्टॉल, मोबाइल टॉयलेट, फायर सेफ्टी उपकरण और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
दस साल बाद गांधी मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह गांधी मैदान में दस साल बाद आयोजित किया जाएगा। इससे पहले, वर्ष 2015 में गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। एनडीए सरकार बनने के बाद नीतीश कुमार ने पहली बार वर्ष 2005 में गांधी मैदान में शपथ ली थी। इसके बाद वर्ष 2010 और 2015 में भी यहाँ समारोह का आयोजन हुआ। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह हुआ था।