बिहार विधानसभा चुनाव 2025: एनडीए की प्रचंड जीत, राहुल गांधी ने उठाए सवाल
बिहार चुनाव परिणाम 2025
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के परिणाम: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए, जिसमें एनडीए ने शानदार जीत हासिल की। उसे 202 सीटें मिलीं, जबकि विपक्षी इंडिया गठबंधन केवल 34 सीटों पर सिमट गया। इस परिणाम पर कांग्रेस, आरजेडी और आम आदमी पार्टी जैसे विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। इस संदर्भ में, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं बिहार के उन करोड़ों मतदाताओं का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम वास्तव में चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत नहीं पा सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम का गहराई से विश्लेषण करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के अपने प्रयासों को और मजबूत बनाएंगे।"
गौरतलब है कि 243 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीतीं। इसमें भाजपा ने 89, जेडीयू ने 85, लोजपा (आरवी) ने 19, हम (एस) ने 5 और आरएलएम ने 4 सीटें अपने नाम कीं। वहीं, इंडिया गठबंधन को केवल 34 सीटें मिलीं, जिसमें आरजेडी ने 25, कांग्रेस ने 6, भाकपा (माले) लिबरेशन ने 2 और माकपा ने 1 सीट जीती। एआईएमआईएम ने 5, बसपा और आईआईपी ने एक-एक सीट अपने नाम की।