बीजेपी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी किया
असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र
दिसपुर: असम विधानसभा चुनाव की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को अपना चुनावी घोषणापत्र पेश किया। गुवाहाटी में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने इसे ‘संकल्प पत्र’ के रूप में प्रस्तुत किया।
घोषणापत्र में बीजेपी ने सत्ता में लौटने पर राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने, ‘जमीन जिहाद’ पर रोक लगाने और दो लाख रोजगार सृजित करने का वादा किया है। इसके साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू करने का संकल्प भी दोहराया गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्पष्ट किया कि यूसीसी लागू करते समय छठी अनुसूची के तहत आने वाले क्षेत्रों और अनुसूचित जनजातीय इलाकों को इससे बाहर रखा जाएगा। उन्होंने ‘लव जिहाद’ के खिलाफ सख्त कदम उठाने और असम को बाढ़मुक्त बनाने के लिए ठोस प्रयासों का आश्वासन दिया।
सीएम ने कहा कि सरकार बनने के बाद पहले दो वर्षों में बाढ़ नियंत्रण के लिए 18 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज, वन यूनिवर्सिटी, वन इंजीनियरिंग कॉलेज’ की योजना को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ‘सुरक्षित असम, विकसित असम’ का निर्माण करना है। उन्होंने बताया कि इस संकल्प पत्र को तैयार करने में राज्यभर से प्राप्त लगभग 2.45 लाख सुझावों को शामिल किया गया है।