बुंदेलखंड में गर्मी का कहर: बांदा में तापमान 48 डिग्री तक पहुंचा
गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं
उत्तर भारत, विशेषकर हरियाणा और पंजाब में, गर्मी का प्रकोप जारी है। उत्तर प्रदेश का बुंदेलखंड क्षेत्र इस समय दुनिया का सबसे गर्म स्थान बन गया है। बांदा में तापमान इस सप्ताह की शुरुआत से लगातार बढ़ रहा है, और बुधवार को यहां 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आज भी इसी तरह की गर्मी रहने की संभावना है।
लोगों को घरों में रहने की सलाह
उत्तर प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी गर्मी का असर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले दो से तीन दिनों तक लू से राहत की कोई संभावना नहीं है। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे सुबह से लेकर दोपहर तक घरों में ही रहें।
जरूरी न हो तो शाम 4 बजे तक घर से न निकलें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक, यदि आवश्यक न हो तो घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। इस समय यूपी के कई क्षेत्रों में तापमान 30-35 डिग्री के बीच पहुंच रहा है। पूरे राज्य में लू का अलर्ट जारी किया गया है, और आईएमडी ने कुछ स्थानों पर येलो और आॅरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रयागराज और झांसी में तापमान 47 डिग्री
बांदा के अलावा प्रयागराज और झांसी में भी तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया है। कानपुर और आगरा में तापमान 42-43 डिग्री के बीच है, जबकि मिर्जापुर में यह 46 डिग्री है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को गर्मी के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूलों और अस्पतालों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा है।