×

बृजभूषण शरण सिंह का मदरसे में भव्य स्वागत, वीडियो हुआ वायरल

बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का मदरसे के बच्चों द्वारा भव्य स्वागत किया गया, जिसमें बच्चों ने 'शेर आया' के नारे लगाए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानें इस घटना के पीछे की पूरी कहानी और बृजभूषण के बरी होने के बाद के हालात।
 

बृजभूषण शरण सिंह का मदरसे में स्वागत

गोंडा। बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का मदरसे के बच्चों द्वारा शुक्रवार को जोरदार स्वागत किया गया। जैसे ही बच्चों की नजर बृजभूषण पर पड़ी, उन्होंने 'शेर आया-शेर आया' के नारे लगाना शुरू कर दिया। इस स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। रघुकुल विद्यापीठ में प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने के दौरान नवाबगंज के रास्ते में मदरसे के बच्चों ने उनका भव्य स्वागत किया।


'शेर आया… शेर आया…'

मुस्लिम समाज के लोगों ने बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में लगाए नारे pic.twitter.com/XcP8fcXo06

— Romita Tiwari (@romita_tiwari) August 21, 2026


पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हाल ही में यौन उत्पीड़न के मामले में बरी होने के बाद अपने गृह जिले गोंडा में हैं। इस दौरान वह स्थानीय लोगों से मिल रहे हैं और उनका जगह-जगह स्वागत हो रहा है। जब वह मुस्लिम बस्ती में पहुंचे, तो मदरसे के बच्चों ने उन्हें फूलों और मालाओं से स्वागत किया और जोरदार नारे लगाए।


दिल्ली की अदालत ने किया था बरी


महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के मामले में तीन अगस्त को दिल्ली की अदालत ने उन्हें बरी किया था। इसके बाद, बृजभूषण शरण सिंह छह अगस्त को अपने गृह जनपद गोंडा पहुंचे। अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनके समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे से लेकर शहर के विभिन्न रास्तों पर उनके स्वागत के लिए द्वार बनाए गए थे। समर्थकों ने जेसीबी मशीनों से उन पर फूल भी बरसाए। इस दौरान भी 'शेर आया' के नारे गूंजते रहे।


बृजभूषण शरण सिंह ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह मामला केवल 'गुड टच' और 'बैड टच' तक सीमित था। उन्होंने कहा, 'मैंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया।' गोंडा जिले के नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित 'सत्यमेव जयते' सम्मान समारोह में उन्होंने कहा, 'यदि मैं इस प्रकरण में झुक जाता तो मामला खत्म हो जाता, लेकिन मेरे किरदार का कत्ल हो जाता।' उन्होंने यह भी कहा कि यौन उत्पीड़न के मामलों को लेकर इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ होगा।