बेंगलुरु में आईपीएल टिकटों की काला बाजारी: स्टेडियम कर्मचारी गिरफ्तार
आईपीएल टिकटों की काला बाजारी का मामला
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टिकटों की काला बाजारी: बेंगलुरु में आईपीएल टिकटों की काला बाजारी के आरोप में एक स्टेडियम कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान चंद्रशेखर के रूप में हुई है, जो स्टेडियम की कैंटीन में कार्यरत था। उसने टिकटों को उनकी वास्तविक कीमत से अधिक दाम पर बेचा।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चंद्रशेखर ने आरसीबी और एलएसजी के बीच होने वाले मैच के टिकटों को असली कीमत से काफी अधिक दाम पर बेचा। वह कथित तौर पर 180 से अधिक आईपीएल टिकटों को काले बाजार में 15,000 से 19,000 रुपये प्रति टिकट की दर पर बेच रहा था। उसे बेंगलुरु सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है।
ये टिकट 'टिकटजेनी' नामक ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से 'स्वस्तिक हेवी इंजीनियरिंग' और 'इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन कंसल्टेंट कंपनी' के नाम पर खरीदे गए थे। इसके बाद इन टिकटों को अन्य स्थानों पर भेजकर ऊंचे दामों पर बेचा गया।
आरोप है कि KSCA के सदस्य गणेश पारेखशीत ने इन टिकटों की आपूर्ति की और चंद्रशेखर को ऊंचे दाम पर बेचने के लिए कहा। फिलहाल, गणेश फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इससे पहले आरसीबी और सीएसके के मैच के टिकटों की काला बाजारी का मामला भी सामने आया था।