बेटे ने जमीन के विवाद में पिता की गोली मारकर हत्या की, आरोपी फरार
गाजियाबाद में पिता की हत्या का मामला
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: बुधवार की रात मोदीनगर के बुढ़ाना गाँव में एक बेटे ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जमीन के विवाद को लेकर हुई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया है।
मृतक की पहचान हरिओम के रूप में हुई है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, आरोपी निखिल नेहरा बुधवार रात नशे में घर आया और पुश्तैनी जमीन अपने नाम करने की मांग करने लगा। इस पर पिता और बेटे के बीच बहस हुई, जो जल्द ही हिंसक रूप ले ली।
आरोप है कि झगड़े के दौरान निखिल ने पिस्तौल निकाली और अपने पिता पर कई गोलियां चलाईं। हरिओम को सिर, छाती और पेट में कुल पांच गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि निखिल लंबे समय से अपने पिता पर पुश्तैनी जमीन अपने नाम करने का दबाव बना रहा था, जिसका हरिओम विरोध कर रहे थे। दोनों के बीच इस मुद्दे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात नशे की हालत में यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि हत्या हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी निखिल का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिशें जारी
पुलिस ने बताया कि निखिल ने 2018 में अपने छोटे भाई निशु पर भी हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। अब पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। तीन टीमें संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।