बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत
बैंकॉक पब में आग का हादसा
बैंकॉक पब आग : थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक प्रसिद्ध पब में रविवार रात को भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम 27 लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। घायलों में से 22 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। आग की लपटें तेजी से फैल गईं और जहरीले धुएं ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने आग बुझाने के लिए लगभग 30 मिनट तक प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उत्तरी बैंकॉक के 'ना लादप्राओ' पब में हुई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने पब के पिछले हिस्से में स्थित रेस्टरूम से कई शव बरामद किए हैं। बचाव दल ने बताया कि आधी रात को पब में आग लगने की सूचना मिली थी। लोग आग से बचने के लिए रेस्टरूम की ओर भागे, लेकिन रास्ता न मिलने के कारण उनकी जान चली गई। आपातकालीन कर्मियों ने इस घटना का वीडियो ऑनलाइन साझा किया है, जिसमें 'ना लादप्राओ' पब के सामने से आग की लपटें और धुआं निकलते हुए देखा जा सकता है। आसमान में काला धुआं उठते ही लोग वहां से भागने की कोशिश कर रहे थे।
एक संगीतकार ने बताया कि उसने स्टेज के पास एक सर्किट ब्रेकर से अचानक धुआं निकलते देखा। इसके बाद पब की बिजली चली गई और एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे गहरा काला धुआं भर गया। इस स्थिति में लोगों को भागने का मौका नहीं मिला। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग जान बचाने के लिए पब के मुख्य दरवाजे से भागते हुए नजर आ रहे हैं।