भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान पुरी में भगदड़, तीन श्रद्धालुओं की मौत
पुरी गुंडिचा मंदिर में हुई भगदड़
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान पुरी में एक दुखद घटना घटी: रविवार सुबह लगभग 4:30 बजे ओडिशा के पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के बाहर एक बड़ा हादसा हुआ। यहां भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए थे, तभी अचानक धक्का-मुक्की के कारण भगदड़ मच गई। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुरी में श्री गुंडिचा मंदिर के पास हुई इस भगदड़ में कम से कम तीन लोगों की जान चली गई और लगभग 50 अन्य घायल हुए हैं। पुरी के जिला कलेक्टर सिद्धार्थ एस स्वैन ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 4 बजे हुई, जब सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर के पास इकट्ठा हुए थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना उस समय हुई जब रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए भारी भीड़ एकत्रित हुई थी। भीड़ को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया, जिसके कारण धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग गिर पड़े, जिससे भगदड़ मच गई। सभी मृतक खुर्दा जिले के निवासी हैं। मृतकों में दो महिलाएं, प्रभाती दास और बसंती साहू शामिल हैं, जबकि तीसरे मृतक की पहचान 70 वर्षीय प्रेमाकंत महांती के रूप में हुई है।