भाजपा ने कांग्रेस के AI वीडियो पर किया तीखा हमला
कांग्रेस की राजनीति पर भाजपा का आरोप
जालंधर: भाजपा के मीडिया पैनलिस्ट अमित तनेजा ने आज कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति अब ‘आइडिया’ के बजाय पूरी तरह से ‘AI’ पर निर्भर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 140 वर्षों में एक सक्षम नेता नहीं खड़ा कर पाने वाली कांग्रेस अब अपने राजनीतिक दिवालियापन को छिपाने के लिए AI जनरेटेड वीडियो का सहारा ले रही है। बुधवार को कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक AI जनरेटेड वीडियो साझा किया, जिसमें उन्हें चायवाला के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस वीडियो में पीएम के हाथ में केतली और ग्लास हैं, और वे जोर से ‘चाय बोलो, चाय-चाय चाहिए’ कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो में प्रधानमंत्री रेड कारपेट पर चलते हुए दिखाए गए हैं, जबकि उनके पीछे भारत सहित कई देशों के झंडे, यहां तक कि भाजपा का झंडा भी, लगे हुए हैं। यह वीडियो कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक द्वारा पोस्ट किया गया है।
तनेजा ने कहा कि यह वीडियो न केवल झूठा है, बल्कि कांग्रेस की घटती राजनीतिक सोच और बौद्धिक दिवालियापन का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह से एक Artificial और Fake पार्टी बनती जा रही है—नेतृत्व उधार का, नैरेटिव उधार का और अब राजनीतिक हमले भी ‘AI जनरेटेड’। यह दर्शाता है कि पार्टी के पास न तो कोई मौलिकता बची है और न ही कोई मुद्दा।
उन्होंने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति ने संघर्ष के माध्यम से नेतृत्व प्राप्त किया, उसके जीवन के संघर्ष का मजाक उड़ाकर कांग्रेस ने राजनीति में नीचता का एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया है। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस का असली हाईकमान अब AI बन चुका है, क्योंकि पार्टी में विवेक और सोचने-समझने की क्षमता समाप्त हो चुकी है। सवाल यह है कि मेहनत करने वाला और तेजी से आगे बढ़ता भारत कांग्रेस को आखिर क्यों खटकता है?
अमित तनेजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष का मजाक उड़ाना, देश के हर गरीब और मेहनती नागरिक का अपमान है। कांग्रेस को इस अभद्र और गैर-जिम्मेदाराना राजनीतिक हरकत की गंभीर कीमत चुकानी पड़ेगी।