☰
×

भारत-चीन सीमा पर तनाव: कांग्रेस ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल

भारत और चीन के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने के साथ ही कांग्रेस ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने कहा है कि सरकार देश को सीमा की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दे रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे और जयराम रमेश ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह देश के लिए चिंताजनक है। जानें इस मुद्दे पर और क्या कहा गया है।
 

कांग्रेस का आरोप: सरकार ने छिपाई सीमा की स्थिति


नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के संदर्भ में आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर की टिप्पणी के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस का कहना है कि नरेंद्र मोदी की सरकार देश को सीमा की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दे रही है। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया है कि सरकार सीमा सुरक्षा के मामले में समझौता कर रही है।


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सवाल उठाते हुए कहा, 'क्या भारत की गश्त करने की क्षमता प्रभावित हुई है? अरुणाचल भारत का अभिन्न हिस्सा है। आखिरकार, देश को अंधेरे में क्यों रखा जा रहा है?' कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी सरकार पर इन टकरावों पर चुप रहने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, '19 जून 2020 को प्रधानमंत्री द्वारा चीन को दी गई बदनाम क्लीन चिट की कीमत भारत चुका रहा है। जब खुद को विश्वगुरु कहने वाले प्रधानमंत्री की चीन के प्रति सोची-समझी रियायतें जारी हैं।'