भारत ने SCO बैठक में पाकिस्तान को आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया
SCO बैठक में भारत का कड़ा संदेश
नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का स्पष्ट संदेश दिया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बैठक में आतंकवाद के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आज की दुनिया उग्रवाद, कट्टरपंथ और आतंकवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है, जो वैश्विक व्यवस्था के लिए एक बड़ा खतरा है।
राजनाथ सिंह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने मानवता को झकझोर दिया। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से यह स्पष्ट किया है कि आतंकवाद के ठिकानों को अब बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति 'जीरो टॉलरेंस' है, और इस मंच पर भी यही संदेश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म या राष्ट्रीयता नहीं होती, और इससे निपटने के लिए सभी देशों को एकजुट होकर निरंतर प्रयास करने होंगे।