भारत ने जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान को दी कड़ी चेतावनी
भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान को सुनाई खरी-खरी
नई दिल्ली: भारत ने एक बार फिर से जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर कड़ी चेतावनी दी है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने सुरक्षा परिषद की अनौपचारिक बैठक में स्पष्ट किया कि जम्मू और कश्मीर भारत का पूर्णतः आंतरिक मामला है, और यह हमेशा ऐसा ही रहेगा।
उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह संयुक्त राष्ट्र मंच का दुरुपयोग कर रहा है और निष्पक्षता के बजाय इसे राजनीतिक रंग दे रहा है। पी. हरीश ने कहा कि यह अविश्वसनीय है कि एक सह-अध्यक्ष, जिसे संतुलित आचरण की अपेक्षा की जाती है, ने इस मंच का राजनीतिकरण करने का निर्णय लिया है।
चीन और पाकिस्तान ने संयुक्त रूप से किया बैठक का आयोजन
इस बैठक का आयोजन चीन और पाकिस्तान ने मिलकर किया, जिसमें उनके राजदूतों ने सह-अध्यक्षता की। पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार अहमद ने कश्मीर मुद्दे को उठाया, जैसा कि उनका देश हमेशा करता है। यह बैठक तथाकथित अरिया फॉमूर्ला बैठक थी, जो परिषद द्वारा अनौपचारिक रूप से आयोजित की जाती है।
इसका नाम वेनेजुएला के राजनयिक डिएगो आरिया के नाम पर रखा गया है, जिन्होंने परिषद की नियमबद्ध प्रक्रियाओं को दरकिनार करने के लिए इस प्रारूप को पेश किया था।
बैठक के दौरान पी. हरीश ने क्या कहा
पी. हरीश ने परिषद के जनादेश की समीक्षा करने का आह्वान किया, जैसा कि संयुक्त राष्ट्र 80 प्रक्रिया में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत इस बात पर जोर देना चाहता है कि जब सदस्य देश दक्षता हासिल करने के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा के सभी आदेशों के लिए यूएन80 ढांचे के तहत जनादेश कार्यान्वयन की समीक्षा कर रहे हैं, तो सुरक्षा परिषद के आदेश भी इसी दायरे में आने चाहिए।