भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों की नई मिसाल
भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय वार्ता
नई दिल्ली - हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित द्विपक्षीय वार्ता के दौरान भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों की एक नई झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को त्रिवेणी का पवित्र जल उपहार में दिया, जबकि नेपाल के पीएम ने उन्हें रुद्राक्ष की माला और पशुपतिनाथ मंदिर का प्रसाद भेंट किया।
हैदराबाद हाउस में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल की बैठक आयोजित की गई। इस वार्ता से पहले दोनों नेताओं के बीच उपहारों का आदान-प्रदान, दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को एक बार फिर से उजागर करता है। भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया, जहां पीएम मोदी ने उन्हें गले लगाया और गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। इसके बाद, वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पहुंचे और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद, वे हैदराबाद हाउस पहुंचे, जहां दोनों पक्ष दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्यों और ठोस उद्देश्यों को निर्धारित करने के लिए 'समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत' शीर्षक से एक 'संयुक्त विजन दस्तावेज' जारी करने की योजना बना रहे हैं। इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों द्वारा कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की उम्मीद है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत का मुख्य फोकस व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास में आर्थिक सहयोग को मजबूत करना होगा। बैठक के बाद, दोनों नेता अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा का उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसमें प्रमुख स्टॉपेज अयोध्या धाम, गोरखपुर, बस्ती, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं।
यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी, जिसमें जनकपुरधाम से हर शनिवार और अयोध्या कैंट से हर सोमवार को रवाना होगी। इससे भारत में भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल में माता सीता की जन्मभूमि के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।