भारत में मौसम का अलर्ट: भारी बारिश और लू की चेतावनी
मौसम विभाग का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 16 मई, शनिवार को 9 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 17 राज्यों में आंधी-तूफान की संभावना भी जताई गई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र के विदर्भ में लू चलने की आशंका है। गोवा में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है।
भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी भारी वर्षा की संभावना है।
आंधी-तूफान का अलर्ट
आंधी-तूफान की चेतावनी: आईएमडी ने बताया कि बिहार के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, केरल, गोवा, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर आंधी तूफान के साथ बिजली गरजने की संभावना है।
लू चलने का अलर्ट
- 21 मई तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
- 16 से 21 मई तक उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में लू चलने की चेतावनी है।
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 से 21 मई के बीच लू की चेतावनी दी गई है।
- पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ में 16 से 21 मई तक लू चलने की संभावना है।
- झारखंड और छत्तीसगढ़ में 16 से 21 मई तक लू का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम का आगे का पूर्वानुमान
16 मई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चलने की उम्मीद है। 17 मई को छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश का अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत में, 17 मई तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट से मध्यम बारिश की संभावना है। 21 मई तक अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश की उम्मीद है। 17 मई तक कोंकण और गोवा में तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
19 मई तक उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और 16 मई को मैदानी पश्चिम बंगाल में मौसम में बदलाव की संभावना है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 21 मई तक बिहार और झारखंड में मौसम विभाग ने बिजली कड़कने, आंधी आने और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।