भारत में मौसम का हाल: 19 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम का पूर्वानुमान
नई दिल्ली. शुक्रवार, 25 सितंबर को देशभर में मौसम सुखद रहने की उम्मीद है, लेकिन कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी भी भारत के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तेलंगाना, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, बिहार, ओडिशा और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की भी आशंका है।
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम का मौसम
IMD के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम दिल्ली के समान रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में मानसूनी बारिश तेज होने की उम्मीद है। वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, जौनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली, भदोही, सोनभद्र, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और अंबेडकर नगर में शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है।
महाराष्ट्र का मौसम
महाराष्ट्र में मौसम अगले कुछ दिनों में बदलने वाला है। अनंत चतुर्दशी के दिन कोंकण क्षेत्र में बारिश कम रहने की संभावना है। मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। IMD ने भंडारा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली और गोंदिया जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पश्चिम बंगाल का मौसम
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में शुक्रवार को जोरदार बारिश की संभावना है। IMD ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटों से समुद्र में न जाएं। इस दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है।
राजस्थान का मौसम
पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और चित्तौड़गढ़ में आज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां रहने वालों को अलर्ट किया है।
झारखंड और बिहार का मौसम
झारखंड में रांची समेत खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में अगले 24 घंटों में मूसलधार बारिश की संभावना है। बिहार में भी बारिश से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।