भारत लाए जाएंगे वियतनाम में हादसे में मृत 15 भारतीय पर्यटकों के शव
वियतनाम में दर्दनाक स्पीडबोट दुर्घटना
वियतनाम के फू क्वोक द्वीप के निकट हुए एक भयानक स्पीडबोट हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीय पर्यटकों के शव सोमवार को भारत लाए जाएंगे। भारतीय दूतावास ने इस संबंध में जानकारी दी है कि सभी शव वियतनाम एयरलाइंस की उड़ान संख्या VN979 के माध्यम से हो ची मिन्ह सिटी से मुंबई भेजे जाएंगे।
उड़ान स्थानीय समय के अनुसार शाम 6 बजे उड़ान भरेगी और भारतीय समयानुसार रात 9:35 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेगी.
राज्य सरकारों से सहयोग की अपील
वियतनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी कर बताया कि संबंधित राज्य सरकारों को इस मामले की सूचना पहले ही दे दी गई है। दूतावास ने सरकार से अनुरोध किया है कि वे प्रभावित परिवारों के साथ समन्वय करें और पार्थिव शरीरों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने में सहायता करें।
दूतावास ने कहा कि हनोई में स्थित भारतीय दूतावास और हो ची मिन्ह सिटी में भारतीय वाणिज्य दूतावास मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहायता देने के लिए तत्पर हैं.
स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक थे
यह हादसा शनिवार को तब हुआ जब 32 भारतीय पर्यटकों और चार स्थानीय चालक दल के सदस्यों को ले जा रही स्पीडबोट फू क्वोक द्वीप के पास तट से लगभग 400 मीटर दूर अचानक पलट गई। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की जान चली गई, जबकि 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
भारतीय दूतावास के अनुसार, बचाए गए 17 लोगों में से 16 घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वे भारत लौट रहे हैं। हालांकि, एक घायल की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज फू क्वोक के अस्पताल में जारी है.