भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, परिवार में शोक की लहर
रिंकू सिंह के पिता का निधन
ग्रेटर नोएडा: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता, खान चंद सिंह, का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से लीवर कैंसर की गंभीर अवस्था से जूझ रहे थे। जानकारी के अनुसार, उन्हें चौथे चरण का लीवर कैंसर था और हाल के दिनों में उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी। 21 फरवरी को उनकी तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने शुक्रवार सुबह लगभग 4:36 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह करीब 5 बजे उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि हुई। इसके बाद परिवार के सदस्य उनका पार्थिव शरीर लेकर घर के लिए रवाना हो गए। पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह ने तुरंत चेन्नई में चल रहे अभ्यास सत्र को छोड़कर घर लौटने का निर्णय लिया।
रिंकू ने 25 फरवरी को पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने के बाद फिर से चेन्नई लौटकर टीम से जुड़ गए। हालांकि, 26 फरवरी को जिम्बाबे के खिलाफ सुपर-8 मैच में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे और केवल सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल रहे।
रिंकू सिंह के परिवार में पांच भाई हैं और उनके पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे। आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के कारण सभी भाई अपने पिता का सहयोग करते थे। वे बाइक पर दो-दो सिलेंडर रखकर घरों और होटलों में गैस सिलेंडर पहुंचाते थे।
क्रिकेट खेलने के लिए भी रिंकू को काफी संघर्ष करना पड़ा। मोहल्ले के दोस्तों के साथ मिलकर पैसे इकट्ठा कर गेंद खरीदी जाती थी। आज रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट में एक महत्वपूर्ण नाम बन चुके हैं, लेकिन उनकी सफलता के पीछे उनके पिता का संघर्ष और त्याग महत्वपूर्ण रहा। उनके निधन से परिवार और खेल जगत में शोक की लहर है।