×

भारतीय क्लियरिंग एजेंटों की हड़ताल जारी, सीमा पर ट्रक आवागमन प्रभावित

नेपाल के भैरहवा में भारतीय क्लियरिंग एजेंटों की कलमबंद हड़ताल ने सीमा पर ट्रक आवागमन को रोक दिया है, जिससे व्यापार प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारी एजेंटों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध जारी रखा है। इस हड़ताल में स्थानीय नेता भी शामिल हुए हैं, जिन्होंने एजेंटों के समर्थन में आवाज उठाई है। जानें इस आंदोलन के पीछे की वजहें और इसके संभावित प्रभाव।
 

हड़ताल का दूसरा दिन


महराजगंज :: नेपाल के भैरहवा (बेलहिया) कस्टम कार्यालय में कार्यरत भारतीय क्लियरिंग एजेंटों की समस्याओं के समाधान के लिए सोनौली ट्रांसपोर्ट एंड क्लियरिंग एजेंट एसोसिएशन द्वारा की गई कलमबंद हड़ताल सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। प्रदर्शनकारी एजेंटों ने सीमा पर ट्रकों के आवागमन को रोक दिया, जिससे भारत-नेपाल के बीच व्यापार प्रभावित हुआ।


भारतीय संगठन के नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक नेपाल भन्सार एजेंट संघ उनकी मांगों को नहीं मानता, तब तक हड़ताल और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उनका कहना है कि भारतीय क्लियरिंग एजेंटों और उनके कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इस दौरान नगर के मनोनीत सभासद रवि वर्मा और समाजसेवी दीपक बाबा हड़ताल स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे एजेंटों को अपना समर्थन दिया। दीपक बाबा ने कहा, “हम फौजी हैं और अपनी लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेंगे। जहां भी हमारी जरूरत होगी, हम हमेशा आगे रहेंगे।” वहीं, रवि वर्मा ने भी एजेंटों की मांगों को उचित बताते हुए उनके आंदोलन का समर्थन किया।


हड़ताल में प्रमुख रूप से रतन गुप्ता, संजय अग्रवाल, बिट्टू झा, मनोज जायसवाल, सुरेंद्र शर्मा, वीरेंद्र गुप्ता, विशाल जायसवाल, मंगल जायसवाल, राजा वर्मा, केशव श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, विनोद कुमार, प्रिंस राठौर, संतोष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट एवं क्लियरिंग एजेंट शामिल रहे।


ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट