भारतीय टीम की अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए तैयारियां जारी
IND vs AFG ODI: टीम की घोषणा और खिलाड़ियों की फिटनेस
IND vs AFG ODI: भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है। हालांकि, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की भागीदारी पर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों खिलाड़ियों को बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से फिटनेस क्लियरेंस प्राप्त करना होगा।
हार्दिक की फिटनेस पर ध्यान, रोहित की स्थिति भी महत्वपूर्ण
IPL 2026 के दौरान मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते हुए हार्दिक पंड्या पीठ में ऐंठन की समस्या से ग्रस्त रहे, जिसके कारण उन्हें कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा। हार्दिक 2 जून को बेंगलुरु पहुंचे हैं, जहां उन्हें लगभग एक सप्ताह तक कठिन फिटनेस प्रशिक्षण और फिजिकल असेसमेंट से गुजरना होगा। केवल डॉक्टरों और ट्रेनर्स की हरी झंडी मिलने पर ही वे मैदान पर उतर सकेंगे। हार्दिक ने अपना आखिरी वनडे पिछले साल ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में खेला था।
वहीं, रोहित शर्मा भी आईपीएल के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट से परेशान रहे हैं, जिसके चलते बीसीसीआई ने उन्हें भी COE में रिपोर्ट करने के लिए कहा है। हालांकि, मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने का कहना है कि रोहित अब पूरी तरह से फिट हैं और आईपीएल में उनका इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उपयोग केवल एक रणनीतिक निर्णय था, न कि फिटनेस की कमी।
शुभमन गिल की कप्तानी में यह युवा और अनुभवी टीम के लिए यह श्रृंखला बहुत महत्वपूर्ण है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में, दूसरा 17 जून को लखनऊ में और अंतिम मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। यदि हार्दिक और रोहित समय पर फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं, तो भारतीय टीम को मध्यक्रम और ओपनिंग में मजबूती मिलेगी।
अफगानिस्तान श्रृंखला के लिए भारतीय स्क्वॉड:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।