भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप में कोरिया को हराकर चौथी बार खिताब जीता
भारतीय टीम की शानदार जीत
राजगीर - भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप के फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। यह भारत की चौथी एशिया कप जीत है। दिलप्रीत सिंह ने दो गोल किए, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल दागा। हॉकी इंडिया ने इस जीत पर सभी खिलाड़ियों को 3-3 लाख और सहयोगी स्टाफ को 1.5-1.5 लाख रुपये देने की घोषणा की है। टीम के कैंप में जश्न का माहौल है।
देशभर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'बिहार के राजगीर में एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह जीत खास है क्योंकि उन्होंने गत विजेता दक्षिण कोरिया को हराया है। यह भारतीय हॉकी और खेलों के लिए गर्व का क्षण है। हमारे खिलाड़ी और ऊंचाइयों को छूते रहें, यही कामना है।' हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
पिछले दो वर्षों में भारतीय टीम ने ओलंपिक मेडल, एशियन गेम्स, एशियन चैंपियनशिप और अब एशिया कप में जीत हासिल की है। कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, 'हमारा लक्ष्य एशिया कप जीतकर हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई करना था, और हमने इसे हासिल कर लिया है।' कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि टीम ने एशिया कप में जीत और विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने का लक्ष्य रखा था।
हार्दिक सिंह ने कहा, 'हम एशिया में अपना दबदबा बनाने और विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने के इरादे से उतरे थे। हमारी टीम संतुलित है और हमने एशिया कप में दबदबा बनाया है।' शिलानंद लाकड़ा और रजिंदर सिंह ने भी जीत पर खुशी जताई और कहा कि अगला लक्ष्य हॉकी विश्व कप में मेडल जीतना है।