मथुरा में कारसेवा की तैयारी, साधु संतों ने किया हवन पूजन
मथुरा में कारसेवा की घोषणा
मथुरा। मथुरा के राधाकुंड क्षेत्र में स्थित चित्रगुप्त पीठ में रविवार को कारसेवा के लिए हवन पूजन का आयोजन किया गया। इस हवन के बाद साधु संतों ने एक बैठक की, जिसमें उन्होंने छह दिसंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा करने की घोषणा की। इस दौरान चित्रगुप्त पीठ के बाहर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
चित्रगुप्त पीठ में हवन यज्ञ के बाद साधु संतों ने 'कृष्णा लला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' के नारे के साथ कारसेवा का शंखनाद किया। स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि नौ अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कार सेवा का एलान किया गया था, लेकिन सावन मास में कावड़ यात्रा के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। शंखनाद के समय बड़ी संख्या में साधु संत उपस्थित हुए और उन्होंने इस आयोजन का समर्थन किया। उल्लेखनीय है कि छह दिसंबर को अयोध्या में कारसेवकों ने विवादित ढांचे को गिराया था।
पत्थरों की पहली खेप पहुंची
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के निर्माण के लिए मंगाए गए गुलाबी पत्थरों की पहली खेप शुक्रवार रात को पहुंची। ये पत्थर भरतपुर के बंसीपहाड़पुर से लाए गए हैं, जिनसे अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण किया गया है। चित्रगुप्त पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने बताया कि श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर उनकी जन्मभूमि पर बनाया जाएगा, जिसके लिए पांच हजार मीट्रिक टन गुलाबी पत्थरों का ऑर्डर दिया गया था।